मथुरा में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में मां-बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं। कार सवार 5 लोग घायल हैं।

परिवार मध्यप्रदेश के भिंड से मथुरा घूमने आए थे। हादसा जैंत क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर सोमवार सुबह 7:30 बजे उस वक्त हुआ, जब परिवार बरसाना से रमणरेती जा रहा था।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने बताया कि कार देवाशीष चला रहे थे, उसमें उनकी पत्नी-बच्चे समेत 9 लोग थे। हादसे में हादसे में देवाशीष का बेटा रुद्र (4), मामी रूबी (32), रूबी का बेटा कान्हा (10) और रूबी की फ्रेंड ज्योति (30) की मौत हो गई। देवाशीष, उनकी मां आशा देवी, पत्नी गिरजा देवी, बेटी गौरी (5) और ज्योति की बेटी पलक (12) घायल हो गए।

रात भर परिक्रमा की, झपकी की वजह से हादसा होने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, कार पीछे से ट्रक में घुसी। पुलिस की जांच में सामने आया कि परिवार ने रातभर मथुरा-वृंदावन में दर्शन और परिक्रमा किया। यानी सोए नहीं।

कार देवाशीष चला रहे थे, आशंका है कि देवाशीष को झपकी आ गई। इस वजह से कार खड़े ट्रक से टकरा गई। घायलों को सर्वोदय हास्पिटल में एडमिट कराया गया है। एक की हालत गंभीर है।

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा- घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। योगी ने मृतकों के परिजन को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की सहायता का ऐलान किया है।


पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे परिजन, रो-रोकर बेहाल

सड़क हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे। यहां परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के मोनू ने बताया- देवाशीष मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले थे। करीब चार महीने पहले वह भिंड से ग्वालियर के बड़ा गांव में शिफ्ट हुए थे। ग्वालियर में लाइब्रेरी चलाने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे।

हम सभी लोग ग्वालियर में मिले थे। वहां से मथुरा-वृंदावन दर्शन करने आए थे। रूबी हर महीने दर्शन करने आती थीं। जिस गाड़ी से हादसा हुआ, वह देवाशीष के मामा सुधीर की थी। उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही नई गाड़ी खरीदी थी। रूबी के पति सुनील भी अपने दोस्तों के साथ आए थे, लेकिन गिरिराज जी की परिक्रमा करने के बाद वापस लौट गए थे।