कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के बहिरघटा गांव में मोटर पंप मिस्त्री और उनके पिता से मारपीट का मामला सामने आया है। मिस्त्री अश्वनी साहू के मुताबिक, मोटर सुधारने का खर्च बताने के लिए फोन करने पर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर उनके और पिता रामकिशोर साहू के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो मंगलवार सुबह सामने आया। पुलिस ने शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोटर की मरम्मत का खर्च बताने के लिए किया था फोन

शिकायत के मुताबिक, अश्वनी साहू पानी की मोटर सुधारने का काम करते हैं। ग्राम पंचायत बहिरघटा के सरपंच गोलू तिवारी के भाई की मोटर कई दिनों से उनकी दुकान पर मरम्मत के लिए रखी थी।

अश्वनी ने बताया कि 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उन्होंने मोटर सुधारने में आने वाले खर्च की जानकारी देने के लिए पंकज तिवारी को फोन किया था। उनके मुताबिक, फोन पर पंकज ने गाली-गलौज की और कहा कि मोटर दुकान पर ही रहने दें, जब उनका मन होगा तब उठा लेंगे।

घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप

अश्वनी के अनुसार, फोन पर विवाद के बाद पंकज तिवारी, मयंक तिवारी, धीरज पटेल और हर्ष सेन उनके घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने उन्हें घर से बाहर खींचकर गाली-गलौज की और मारपीट की।


शिकायत के मुताबिक, अश्वनी के विरोध करने पर प्रदीप सेन, विजय सेन, बड्ढू उर्फ अमरजीत पटेल और साबूलाल उर्फ सत्येंद्र उर्फ सुरेंद्र पटेल भी वहां पहुंचे। अश्वनी के 43 वर्षीय पिता रामकिशोर बीच-बचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

पिता-पुत्र को चोटें आईं, पुलिस ने दर्ज किया केस

अश्वनी के मुताबिक, उनके सिर, कान, सीने, हाथ और पैरों में चोटें आईं। वहीं, रामकिशोर के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार, शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।