बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई इलाकों में पेड़ गिर गए और पुल-सड़कें टूट गईं।

चक्रवात का असर मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में दिख रहा है। यहां बुधवार रात से बारिश हो रही है, जो अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के 12 और ओडिशा के 16 जिलों में गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे।

ओडिशा में करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण बालीबाड़ा घाटी रोड पर लैंडस्लाइड हुई। पहाड़ी का हिस्सा ढहने और तीन पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई, जिससे छह गांवों का संपर्क टूट गया।

चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदला


चक्रवात अर्नब मंगलवार देर रात करीब 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है। गुरुवार सुबह तक इसके डिप्रेशन और शाम तक कम दबाव वाले स्पष्ट क्षेत्र में बदलने की संभावना है।


चक्रवात अर्नब के असर से मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को सतना, कटनी और छतरपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। गुरुवार को इसका असर और बढ़ने की संभावना है। मौसम केंद्र ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बैतूल, हरदा, ग्वालियर सहित 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के 27 जिलों में गुरुवार को तेज बारिश का अलर्ट है। बुधवार देर शाम भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए और देर रात हल्की बारिश हुई। मौसम में बदलाव से ठंड बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में जयपुर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर और चूरू समेत लगभग सभी शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर और फतेहपुर में रात का तापमान गिरकर 10 डिग्री तक पहुंच गया।

उत्तराखंड में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखने लगा है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और टिहरी में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। केदारनाथ में सुबह बर्फबारी के बाद बारिश हुई। मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा रोक दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने प्रदेश के 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और यमुनानगर के कई इलाकों में गुरुवार सुबह बारिश हुई। बूंदाबांदी के बाद आसमान में काले बादल छा गए। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। करनाल और यमुनानगर में आंधी चलने की आशंका है।

बिहार के पटना, समस्तीपुर और आरा में गुरुवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जबकि नालंदा और बेगूसराय में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर में भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका है।

पंजाब और चंडीगढ़ में आज से दो दिन मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई जगह बिजली गिरने की आशंका है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। बुधवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया। फरीदकोट में सबसे ज्यादा 36.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।