नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सिर्फ बीजेपी-शिरोमणि अकाली दल (SAD) गठबंधन का ऐलान ही नहीं किया, बल्कि उन्होंने राज्य को नशा मुक्त करने की डेडलाइन भी फिक्स कर दी। अमित शाह ने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बनने पर 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को पूर्णतया नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने बता दिया पंजाब के लिए एजेंडा

नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब को नशा मुक्त करने का रोडमैप बताते हुए अमित शाह ने कहा, 'बीजेपी और अकाली दल पंजाब में कई प्रमुख विषयों को लेकर घोषणा पत्र जारी करेंगे। लेकिन पंजाब से नशे का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा। पंजाब से भ्रष्टाचार का उन्मूलन और राष्ट्रवादी शक्तियों को सशक्त करना भी हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा।'


पंजाब को नशा मुक्त बनाने की डेडलाइन फिक्स

इस मौके पर अमित शाह राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेने से भी नहीं चुके। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब में तीन महीने में नशा समाप्त करने का वादा देकर आए थे, लेकिन नशा समाप्त नहीं हुआ, बल्कि बढ़ा। 2017 में राहुल गांधी ने उस कार्यकाल में नशा समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने नशे को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया। फिर अमित शाह ने 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने का ऐलान किया...
31 दिसंबर, 2029 तक हम पंजाब को पूर्णतया नशे से मुक्त कर देंगे। आगामी तीन माह में पंजाब के किसानों की समस्या, पंजाब के आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवाओं के रोजगार की चिंता, इसके बारे में सुखबीर सिंह बादल और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन माह की लंबी चर्चा के बाद एक रोडमैप बना है। उस रोडमैप पर हमारे एनडीए की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी।

अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री




अमित शाह क्यों कहे जा रहे 'द मैन ऑफ डेडलाइंस'

अमित शाह सियासी गलियारे में 'द मैन ऑफ डेडलाइंस' के रूप में जाने जाने लगे हैं। उसकी ठोस वजह भी है। वह खुद भी कहते हैं कि उन्होंने जो कहा, उसे निश्चित समयसीमा के भीतर पूरा किया। याद कीजिए अगस्त 2024 में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (LWE) की स्थिति पर आयोजित एक अंतर-राज्यीय समीक्षा बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अमित शाह ने क्या कहा था? उस दिन अमित शाह ने देश से नक्सलवाद को खत्म करने की डेडलाइन तय कर दी थी। बाद में संसद और विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर भी उन्होंने इस तारीख को दोहराया। देश को नक्सल

21 जनवरी 2024, 24 अगस्त 2024 और 31 मार्च 2026 की तीन तारीखें नक्सल उन्मूलन के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखी जाएंगी। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनने के बाद नक्सलवाद पर 21 जनवरी 2024 को नक्सलवाद पर पहली बैठक हुई, 24 अगस्त 2024 को 31-03-2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का संकल्प, और 31 मार्च 2026 को इस संकल्प की पूर्ति - ये तीन तिथियां नक्सलमुक्त भारत अभियान के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित होंगे। 31 मार्च 2026 को नक्सल मुक्त बस्तर बनाने का हमारा लक्ष्य आखिरकार पूरा हो गया।

अमित शाह, 18 मई 2026 को जगदलपुर में बोले


नक्सल के बाद नशा मुक्त पंजाब का ऐलान

  • साफ है कि गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर निर्णायक कदम उठाए गए हैं। सरकार के अनुसार, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की रणनीतिक कार्रवाई, बुनियादी ढांचे के विकास और आत्मसमर्पण नीतियों के कारण नक्सलवाद की समस्या काफी हद तक सिमट गई है, और तय समयसीमा के भीतर ' नक्सल मुक्त भारत ' के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।

  • इसी तर्ज पर, पंजाब में सीमा पार से होने वाली ड्रग तस्करी को रोकने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए 'नशा मुक्त पंजाब' अभियान के ऐलान को एक दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति के रूप में देखा जा रहा है।